- माना जा रहा है कोरोना से बचने वाली सबसे ज्यादा उम्र की बुजुर्ग हैं एना
- स्पेन में 101 साल की दो और संक्रमित बुजुर्ग महिलाएं ठीक हुईं
दैनिक भास्कर
Apr 25, 2020, 07:05 PM IST
मैड्रिड. स्पेन में कोरोनावायरस को हराकर एक 107 साल की बुजुर्ग ठीक हुईं हैं। खास बात यह है कि वे जब पांच साल की थीं तो स्पेनिश फ्लू को भी मात दी थी। स्पेन के इंग्लिश अखबार ओलिव प्रेस के मुताबिक, बुजुर्ग का नाम एना डेल वैले है। माना जा रहा है कि वह कोरोना से ठीक होने वाली दुनिया की सबसे ज्यादा उम्र की बुजुर्ग हैं।
🇪🇸 Ana del Valle of Spain recovered from the Spanish flu as a young child, and now has made a full recovery from #Covid_19.
She is 107! Incredible 💙 pic.twitter.com/8rdQVTTZoI
— Adriano Del Monte (@adriandelmonte) April 24, 2020
अखबार के मुताबिक, एना के साथ 60 लोग और संक्रमित हुए थे। अब वे ठीक हो चुकी हैं। उनका जन्म अक्टूबर 1913 में हुआ था। जब वह पांच साल की थीं, तब वे स्पेनिश फ्लू की चपेट में आई थीं और ठीक भी हुईं। जनवरी 1918 से दिसंबर 1920 तक स्पेनिश फ्लू का प्रकोप रहा था। इस महामारी से दुनिया की एक तिहाई आबादी (50 करोड़ लोग) खत्म हो गई थी।
अखबार में बताया गया कि स्पेनिश फ्लू को मात देने के 102 साल बाद एना ने कोरोनावायरस से भी लड़ाई जीत ली है। अन्य मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, स्पेन में 101 साल की दो और बुजुर्ग महिलाओं ने कोविड-19 पर जीत हासिल की है। ओलिव प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, एना का मामला किसी करिश्मे से कम नहीं। एना की बहू पाकुई सांचेज ने अस्पताल का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा कि एना की उम्र ज्यादा होने की वजह से डॉक्टरों ने बहुत संभलकर काम किया। एना अब ठीक हैं। वे वाकर की मदद से चलती हैं और खुद से खाना भी खाती हैं।
स्पेन में अब तक 22 हजार 524 लोगों की मौत
अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले स्पेन में ही हैं। यहां अब तक 22 हजार 524 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब दो लाख 20 हजार लोग संक्रमित है। अभी तक 92 हजार 355 लोग ठीक भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को 367 लोगों की मौत हुई। 21 मार्च के बाद यह एक दिन में होने वाली सबसे कम मौते हैं।